बिहार:बांका
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर बांका जिले में हैं।संवाद स्थापित किया।
जिला स्तर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रखंड अध्यक्षों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद से हुई। इसके पश्चात वे विभिन्न गांवों में कार्यकर्ताओं के निवास स्थानों पर पहुँचे और उनके परिजनों तथा स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया। बलारपुर, अलीगंज और विजयनगर सहित कई स्थानों पर हुए इन संवादों ने पार्टी संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की।
बेलहर प्रखंड के रॉगा चौक बाजार में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करते हुए नीतीश कुमार सरकार की प्रमुख योजनाओं हर घर नल का जल, गली-नाली पक्कीकरण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, जीविका, छात्र क्रेडिट कार्ड योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम की उपयोगिता को गाँव-गाँव तक पहुँचाने पर बल दिया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क और जनसंपर्क ही जीत की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं और समाजवादी विकास मॉडल की जानकारी हर घर तक पहुँचाएं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले का बिहार अराजकता, भय, जातीय संघर्ष और बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी के लिए जाना जाता था। सड़कों से लेकर स्कूलों तक, कानून-व्यवस्था से लेकर रोजगार तक, हर क्षेत्र में बदहाली आमजन की नियति बन चुकी थी। लेकिन पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने कानून का राज, सड़कों का जाल, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और रोजगार जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति की है। अब बिहार एक विकसित राज्य की ओर अग्रसर है और यह यात्रा तभी पूरी होगी जब हम सब मिलकर इस संकल्प को आगे बढ़ाएं। बिहार आज विकास के जिस पथ पर है, उसे और गति देने के लिए आवश्यक है कि इस चुनाव में आप सभी पूरी ताकत से जुटें और नीतीश कुमार को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाएं।
मनीष वर्मा ने कहा, जब मन में सवाल उत्पन्न होता है कि पार्टी कैसे और अधिक मजबूत होती है, तब आप उन लोगों तक पहुँचते हैं, जिनकी पीढ़ियाँ पार्टी और बिहार को सींचने के लिए अपनी उम्र खपा देती हैं। इसी क्रम में उन्होंने रैनिया जोगीडीहा गाँव में समाजवादी धारा के वयोवृद्ध नेता उच्चेश्वर प्रसाद सिंह के निवास पर पहुँचकर उन्हें सम्मानित किया। आठ दशक पार कर चुके उच्चेश्वर बाबू जदयू के संस्थापक सदस्य हैं और पार्टी के विभिन्न दायित्वों को वर्षों तक निभा चुके हैं। उनकी तीसरी पीढ़ी भी वर्तमान में जदयू में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार और देश में ऐसे हजारों परिवार हैं, जिनकी पीढ़ियों ने पार्टी को सींचा है। यही नीतीश कुमार की सबसे बड़ी पूँजी और ताकत है, जो उन्हें अन्य किसी भी नेता से अलग और श्रेष्ठ बनाती है। जदयू परिवार के समर्पित कार्यकर्ताओं की भावना, परिश्रम और विचारशीलता के साथ पार्टी बिहार को प्रगति के पथ पर और अधिक गति से अग्रसर करने के लिए प्रतिबद्ध है। समाजवाद की वैचारिकी से प्रेरित यह पीढ़ी बिहार की विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मनीष कुमार, जदयू के ज़िलाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, जिला प्रभारी मनोज राम, प्रदेश सचिव मनोज कुमार सिंह, विधानसभा प्रभारी संजीव सिंह, जिला प्रवक्ता द्वारिका प्रसाद मिश्र, विजय कुमार बेसरा, सुड्डु साई, राकेश ओझा, संजीव चंद्रवंशी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।