पटना, 08 फरवरी 2023 :- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वैशाली जिले के वैशालीगढ़ पर निर्माणाधीन बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं बुद्ध स्मृति स्तूप का निरीक्षण किया। भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं बुद्ध स्मृति स्तूप के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं बुद्ध स्मृति स्तूप के निर्माण कार्य में तेजी लायें और इसे सितंबर तक पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी भी इसकी सतत् निगरानी करते रहें। निर्माण कार्य हेतु पत्थर मिलने में हो रही कठिनाई के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से निर्माण एजेंसी को पत्थर उपलब्ध कराने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि बुद्ध कलश स्तूप का निर्माण कार्य भी बेहतर ढंग से और तेजी से कराएं परिसर में अच्छे ढंग से वाटर बॉडी का भी निर्माण कराएं। बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं बुद्ध स्मृति स्तूप का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर यहां पर बाहर से और पर्यटक आएंगे। बोधगया और राजगीर आनेवाले श्रद्धालु यहां भी आएंगे। यहां पहुंचने के लिए आवागमन को भी बेहतर किया जा रहा है ताकि आसानी से और कम समय में पर्यटक यहां पर पहुंच सकें। वैशाली ऐतिहासिक और पौराणिक जगह है, यहीं से बौद्ध संघ में महिलाओं को प्रवेश मिला था और बाद में बौद्ध धर्म से बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़ने लगीं। यहां पर अधिक से अधिक संख्या में पर्यटकों के आने से रोजगार बढ़ेगा। परिसर के अंदर भी रास्ते का निर्माण ठीक से कराएं।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की सचिव श्रीमती बन्दना प्रेयसी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वहां प्रदर्श योजना के संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुद्ध के जीवन से संबंधित घटनाओं और बौद्ध धर्म से जुड़े प्रसंगों को यहां दर्शाया जाएगा।

